सिमराही : बरसात होने से विभिन्न सड़कों पर जलजमाव की समस्या गंभीर
रिपोर्ट/ ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

एक बार फिर मानसून के दस्तक देते ही नगर पंचायत सिमराही का पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया। चहुंओर विभिन्न सड़कों पर घुटना भर जमा पानी के बीच वाहन चालकों के साथ पैदल चलना तक दूभर हो गया है। आलम यह है। कि एनएच 57 और एनएच 106 की सड़कें नाला निर्माण अधूरा रहने के कारण झील में तब्दील हो गई है। तलाब जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।

शुक्रवार की रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद शनिवार सुबह पूरा इलाका जलमग्न हो गया है। जल निकासी नहीं होने के कारण कीचड़मय सड़क से होकर गुजरना लोगों की मजबूरी बन गई है। लोगों को आवाजाही करने में कड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत सिमराही के गठन के तकरीबन एक साल पूरा होने को है।, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण अब तक जर्जर सड़क और नाला निर्माण नहीं किया जा सका है। यही नहीं नगर पंचायत सिमराही के गठन के बाद अब तक एक भी विकास कार्य शुरू नहीं किया गया है। जिस कारण स्थानीय लोगों के बीच कड़ा आक्रोश देखा जा रहा है।

नगर पंचायत सिमराही के 17 वार्डों में जल जमाव की समस्या एक जैसा दिख रहा है। गंदा पानी घर आंगनों में प्रवेश होने से हर वार्ड के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। सड़कों पर लोगों का पैदल चलना तक दुर्लभ हो गया है। कीचड़मय सड़क से लोग मजबूरन आवाजाही कर रहे हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को खासकर कड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द संबंधित पदाधिकारियों को सड़क से पानी निकासी को लेकर कार्रवाई करने की मांग की।
इधर, मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने कहा कि बारिश रुकने के बाद पानी निकासी के लिए कार्य किया जाएगा।
—————-

