आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से कोई नहीं रहेगा वंचित -मुखिया लक्ष्मीनियाँ।।

अमृत सागर झा,बलुआ बाज़ार

जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र सुपौल के माध्यम से सात निश्चय योजना अंतर्गत संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु सोमवार को छातापुर प्रखंड के ग्राम पंचायत लक्ष्मीनियाँ पंचायत भवन कार्यालय में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला से पर्यवेक्षक के रुप में एसडब्ल्यूओ कुणाल कुमार राय, अभिनंदन कुमार एवं रवि रंजन ने भाग लिया। मौके पर उपस्थित सैकड़ों छात्र छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी दी गयी। वही इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी छात्र छात्राओं को ऑफलाइन फॉर्म भराया गया मौके पर जानकारी देते हुए कुणाल कुमार राय ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित छात्र छात्राओं को आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र 10वीं एवं 12वीं का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, फोटो एवं विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र इत्यादि होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज शिविर के माध्यम से उपस्थित छात्र-छात्राओं की सूची जिला डीआरसीसी कार्यालय में सौंपा जाएगा जिसके बाद छात्र-छात्राएं इन योजनाओं का लाभ ले पाएंगे।

मौके पर संबोधित करते हुए लक्ष्मीनियाँ मुखिया प्रतिनिधि रौशन झा ने बताया कि अब हमारे पंचायत में आर्थिक समस्या के कारण किसी भी छात्र छात्राओं को बीच में पढ़ाई नहीं छोड़नी पड़ेगी। यदि सरकार आपको हर संभव मदद के लिए तैयार है तो फिर ग्राम पंचायत भी इन योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंद छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। कहा कि इन योजनाओं से छात्र छात्राओं को चार लाख तक का ऋण, बेरोजगारी भत्ता, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे कि छात्र छात्राओं के ज्ञान एवं कौशल को विकसित किया जा सके। उन्होंने बताया कि आज के शिविर में पंचायत के 85 छात्र छात्राओं का कागजात लिया गया है। बाकी वंचित छात्र छात्राओं के लिए एक और विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। मौके पर पंचायत सचिव रामू मेहता, आवास सहायक नजमुल होदा, विकास मित्र रंजीत कुमार राम, गिरानंद पासवान, शिवकांत मुखिया, रमेश प्रसाद सिंह इत्यादि लोग मौजूद रहे।

Spread the love