धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में जलाभिषेक को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड
रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
सुपौल : जिले के प्रमुख धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान चहुंओर हर-हर महादेव के जयकारे से शिवालय गूंज उठा। अहले सुबह से लगी लंबी कतारें दिनभर लगी रही। गणपतगंज बाजार से धरहरा की ओर जाने वाली मार्ग में दिनभर वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। वाहन रेंगते नजर आए। भीड़ की सूचना पर बीरपुर एसडीएम कुमार सतेन्द्र यादव और सीडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा पहुंचे।

इस दौरान एसडीएम श्री यादव ने बताया कि मंदिर में प्रवेश को लेकर दो गेट बनाए गए हैं। सुरक्षाबलों के पुख्ता इंतजाम है। भीड़ नियंत्रण में है। उन्होंने श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण तरीके से लाइन में लगकर जलाभिषेक करने को कहा।

वहीं पहुंचे श्रद्धालु विनय कुमार, अमरजीत कुमार, राकेश कुमार, मंटू कुमार, कृष्ण कुमार, बबिता देवी, लक्ष्मी कुमारी, भागो देवी, शीला देवी, प्रीति देवी, कल्पना देवी सहित कई अन्य ने बताया कि वह हर साल सावन में जलाभिषेक करने यहां पहुंचते हैं। यहां मांगी हर मन्नत पूरी हुई है।
सावन को लेकर आसपास के बाजारों में मेला-सा नज़ारा दिखा। दुकानों पर खरीदारों की खूब भीड़ उमड़ी। दुकानदारों के चेहरे खिले दिखे। बता दें कि सावन के अंतिम सोमवार को धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में तकरीबन 2 लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।

