सिमराही में एनएच 57 पर बाइक और ट्रक की हुई भिड़ंत, एक की मौत
ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर
थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर धर्मपट्टी के समीप बुधवार को बाइक और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जाता है।
बताया जाता है कि सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र निवासी अनुराग साह एक बाइक बीआर 50 के 7405 से प्रतापगंज थाना क्षेत्र निवासी अपनी बहन से मिल कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी क्रम में धर्मपट्टी के समीप एनएच 57 पर कट लेने के दौरान सरायगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही एक ट्रक एचआर 55 वी 4522 ने उसे ठोकर मार दी। हादसे में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे लोगों ने एनएच 57 को जाम कर पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा राशि देने की मांग करने लगे। हालांकि मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी, सीओ प्रीति कुमार, बीडीओ विनीत कुमार सिन्हा ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया।
इधर, घटना के बाद मृतक के परिवार वालों के बीच कोहराम मचा हुआ है।

मामले में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है। आवेदन अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——–

