रेफरल अस्पताल में मृत नवजात होने पर परिजनों का भड़का गुस्सा
रिपोर्ट/ सुरेश कुमार सिंह सिमराही राघोपुर
राघोपुर :थाना क्षेत्र के रेफरल अस्पताल में गुरुवार की शाम एक महिला के प्रसव के दौरान मृत नवजात होने पर परिजनों का गुस्सा भड़क गया। पीड़ित परिवार के लोगों ने रेफरल अस्पताल में कार्यरत दो एएनएम पर डिलीवरी के दौरान ईलाज में अनदेखी करने और पैसे की लालच में जबरन मरीज को रखने का आरोप लगाया है।
दरअसल, सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र के छिटही हनुमान नगर वार्ड 8 निवासी राजेश कुमार राम अपनी पत्नी गीता देवी की प्रसव को लेकर गुरुवार सुबह 4 बजे रेफरल अस्पताल पहुंचे। यहां ड्यूटी में तैनात एएनएम ने 11 बजे सुबह तक डिलेवरी होने का भरोसा दिया।
पीड़ित राजेश सहित परिजनों का आरोप है कि सुबह 8 बजे एएनएम की ड्यूटी चेंज होने के बाद दो एएनएम बच्ची कुमारी और माधुरी कुमारी ड्यूटी को लेकर पहुंची। इस दौरान सुबह 11 बजे तक प्रसव नहीं होने पर महिला के परिजनों ने एएनएम से डिलेवरी को लेकर जानकारी ली और किसी तरह की दिक्कत पर बाहर ईलाज के लिए ले जाने की बात कही। लेकिन तैनात एएनएम ने नॉर्मल डिलीवरी होने का आश्वाशन दिया।

वहीं पीड़ितों का आरोप है कि अस्पताल में आरोपी एएनएम ने प्रसव के दौरान परिजनों से चार सौ से पांच रुपए देने की भी मांग की।
इनसब के बीच दोपहर 2 बजे के बाद एक बार फिर ड्यूटी को लेकर नई एएनएम पहुंची। तकरीबन 4 बजे के दौरान प्रसव में पीड़ित महिला द्वारा मृत नवजात को जन्म दिया गया।
इधर, मामले में रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपनारायण राम ने कहा कि पीड़ित परिजनों के आरोप के मद्देनजर आरोपित एएनएम को शोकॉज किया गया है। हालांकि प्रभारी श्री राम ने प्रसव के दौरान किसी तरह की लापरवाही की बात को खारिज किया। पैसे की मांग को बेबुनियाद आरोप बताया।
—–

