अभिषेक हत्याकांड में अबतक पुलिस को नहीं मिली सफलता, परिजनों में आक्रोश

रिपोर्ट/ब्रजेश कुमार सिमराही राघोपुर

दुअनिया पुल पर हुए डबल हत्याकांड का पुलिस अबतक खुलासा नहीं कर सकी है। घटना के तकरीबन साल पूरा होने को है। लेकिन अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस असफल रही है। जिस कारण स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच खासा आक्रोश नजर आ रहा है। सोमवार को सिमराही में मृतक अभिषेक के परिजनों ने अपना कड़ा आक्रोश जाहिर किया।
इस दौरान सिमराही निवासी मृतक अभिषेक के पिता रोशन साहू ने कहा कि घटना के बाद तत्कालीन बिहार सरकार के मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू, निर्मली विधायक अनिरुद्ध यादव, जाप सुप्रीमो पप्पू यादव सहित कई अन्य कद्दावर नेताओं ने उन्हें अभिषेक हत्याकांड का जल्द खुलासा होने और अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया था। लेकिन अबतक मामले में पुलिस अंधेरे में निशाना साध रही है।
बताया कि कोसी रेंज के डीआईजी शिवदीप लांडे को विभिन्न तरह से पांच बार ज्ञापन सौंप कर ठोस कार्रवाई की मांग की गई। लेकिन पुलिस अबतक अपराधियों तक पहुंचने में नाकाम नजर आ रही है।
हालांकि बीते दिनों कोसी रेंज के डीआईजी शिवदीप लांडे द्वारा राघोपुर थाना में प्रेस वार्ता कर दुअनिया पुल पर हुए डबल हत्याकांड में संलिप्त बदमाशों की जानकारी देने वाले मुखबिर को 50 हजार रुपया अपने स्तर से ईनाम देने की घोषणा किया था। सूचना देने वाले मुखबिर का नाम गुप्त रखने की भी बात कही थी।
वहीं मृतक अभिषेक के भाई आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस-प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अबतक अभिषेक हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। कहा कि जल्द अगर पुलिस द्वारा कोई ठोस पहल नहीं होती है तो वे लोग सड़क पर उतरकर न्याय के लिए आंदोलन करेंगे।
बता दें कि सिमराही निवासी दवा व्यवसाई रोशन साहू के छोटे पुत्र अभिषेक कुमार (26) को 29 नवंबर की शाम को बेखौफ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह विराटनगर से अपनी बहन से मिलकर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। घटना से महज 13 दिन पहले 17 नवंबर को उसी जगह प्रतापगंज थाना क्षेत्र निवासी रंजीत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ईलाज के क्रम में उन्होंने अस्पताल में दम तोड दिया था। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने मौके से किसी भी सामान की लूट नहीं की।
घटना के बाद तत्कालीन एसपी द्वारा एसआईटी गठित की गई थी। लेकिन आज तक पुलिस को बदमाशों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली।
————–
इधर, मामले में एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि अभिषेक हत्याकांड को लेकर अनुसंधान जारी है। जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। ……..
घटना के बाद सिमराही बाजार में कैंडल मार्च निकालकर लोगों ने लगाई न्याय की गुहार।

Spread the love