हथियार और गोली के साथ दो बदमाश गिरफ्तार।

मुकेश कुमार मधेपुरा

मधेपुरा पुलिस ने एक बार फिर एक घंटे अंदर कार्रवाई करते हुए लूट मामले में हथियार और गोली के साथ दो अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल कि है। मामला मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदौर नहर के समीप मुख्य सड़क पर एक ट्रक चालक से अपराधियों ने लूटपाट कि घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने रविवार को मुरलीगंज थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 15 जून को कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रमैली निवासी ट्रक चालक बिंदु महतो सहरसा के मिंटू भगत के राइस मिल से धान का भूसा लोड कर एथेनॉल फैक्ट्री पूर्णिया जा रहे थे। इसी क्रम में रात करीब दो बजे मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदौर नहर के पास मुख्य सड़क पर अज्ञात बदमाशों द्वारा ट्रक चालक को हथियार का भय दिखाकर एक मोबाइल और 2500 रुपए लूट लिया गया। इस घटना की जानकारी ट्रक मालिक द्वारा मुरलीगंज पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्य से कांड का उद्भेदन करते हुए लूटी गई मोबाइल, नगद रुपए, घटना में प्रयुक्त एक कट्टा दो गोली एवं बाइक सहित दो बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर वार्ड 8 निवासी मोलचंद मंडल के बेटे प्रेम सागर और भलनी वार्ड 3 निवासी संजीव यादव के बेटे आशुतोष आनंद उर्फ शिवम कुमार है। गिरफ्तार दोनों बदमाशों को मंडल कारा भेजा जा रहा है।

Spread the love