सिर्फ मुखौटा है राजग प्रत्याशी, सुपौल चुनाव में हो रहा है अहंकार और स्वाभिमान की लड़ाई,सभी को है मुझ पर है भरोसा- बैजनाथ मेहता।

विकास आनन्द के साथ सुरेश कुमार सिंह की रिपोर्ट


सुपौल लोकसभा से निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व आईआरएस बैद्यनाथ मेहता ने रविवार को सिमराही बाजार स्थित एक होटल परिसर में प्रेसवार्ता का आयोजन किया, जहां उन्होंने अन्य प्रत्याशियों पर जमकर हमला बोला। प्रेस को संबोधित करते श्री मेहता ने कहा कि सुपौल में दो दलों की लड़ाई नहीं, बल्कि अहंकार और स्वाभिमान की लड़ाई है। यहां लड़ाई राजद और बैद्यनाथ मेहता के बीच है। कहा कि अहंकार बड़े बड़े लोगों का टूटा है, इनका भी अहंकार टूटेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बड़ी बड़ी पार्टियों के नेता, कई पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई राज्य व केंद्रीय मंत्री अपने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहा है। लेकिन बैद्यनाथ मेहता अकेला चुनाव प्रचार कर रहा है और उनके बदले लोग उनका प्रचार कर रहे हैं। जिससे लगता है कि इस बार जनता उन्हें जरूर अपना आशीर्वाद देगी। कहा कि हमारे यहां कई ऐसे नेता हैं जिनकी शारिरिक और मेंटल फिटनेस सही नहीं है, ऐसे नेताओं को अपना शारीरिक फिटनेस के साथ साथ मेंटल फिटनेस टेस्ट भी करवा लेना चाहिए। कहा कि हर विभाग में रिटायरमेंट की एक सीमा होती है, लेकिन यहां कुछ ऐसे भी नेता हैं जो 75 की उम्र में चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस लोकसभा क्षेत्र में कई ऐसी मूलभूत समस्याएं हैं, जिनका निदान अति आवश्यक है। यहां बेहतर माहौल नहीं मिलने की वजह से कोई कंपनी अपना प्लांट तक नहीं लगाना चाह रही है। जिसके कारण हमारे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर के राज्यों में जाकर जीवनयापन करना पड़ रहा है। कहा कि हमारे यहां कोसी की एक बड़ी समस्या है, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है। इसका समुचित उपाय करने से कोसी तटबंध के भीतर और बाहर के लोगों को भी काफी सहूलियत होगी और इस समस्या से निजात मिलेगा। कहा कि यहां के युवाओं के रोजगार के लिए भी आजतक किसी नेता ने कोई एजेंडा नहीं सेट किया है, जिसका खामियाजा यहां के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सुपौल की जनता इस बार अहंकारी नेता के अहंकार को अपने मतदान से धराशायी करेगा और इसके लिए लोगों का भी काफी समर्थन मिल रहा है। कहा कि इस बार अहंकार की हार होगी और स्वाभिमान की जीत होगी।

Spread the love