प्रतापगंज/सुपौल: युवाओ में रहा होली को ले कर उत्साह, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का पर्व

प्रतापगंज/सुपौल: अवनीश कुमार ।

प्रतापगंज के ग्रामीण क्षेत्र परसा, सुरियारी, में रंगोत्सव पर्व होली शुक्रवार को परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रंग बरसै भीगे चुनर वाली रंग बरसै, होली के दिन दिल मिल जाते हैं.. जैसे गीतों पर लोग थिरकते रहे और एक दूसरे को रंग, अबीर गुलाल लगाकर त्यौहार की बधाईयां देते रहे। सड़कों पर युवकों की टोलियां हुल्लड़ मचाते हुए दिखाई दीं। घरों में भी पकवानों की खुशबू महकती रही। होली को लेकर दिन भर चहल-पहल रही। लोग एक दूसरे के घर पर जाकर होली खेलते नजर आए। वहीं युवाओं ने जमकर धमाल किया। बच्चे और महिलाओं ने रंग लगाने-लगवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

छोटों ने बड़े-बुजुर्गों को अबीर गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। बच्चों ने अपने हम उम्र साथियों के साथ पिचकारियों से होली के त्योहार का लुत्फ उठाया। पूरे दिन यही दौर चलता रहा।

लोगों का एक दूसरे के घर आना-जाना लगा रहा। होली का उल्लास इतना था की सूनी पड़ी सड़कों से जो भी निकला वह पूरी तरह होली के रंगों में रंगा हुआ नजर आया। इससे त्यौहार का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं ने अपने साथियों के साथ अलग-अलग तरीकों से त्योहार का लुत्फ उठाया।

Spread the love