
नरपतगंज के नीतीश कुमार बने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एक बार फिर बिहार का दबदबा देखने को मिला है। अध्यक्ष पद पर नरपतगंज विधानसभा के नीतीश कुमार ‘राजा’ ने जीत हासिल की है। लेफ्ट गठबंधन से चुनाव लड़ रहे नीतीश ने एबीवीपी की शिखा स्वराज को 271 वोटों के अंतर से हराया। नीतीश को 1701 वोट मिले, जबकि शिखा को 1430 वोट प्राप्त हुए। नीतीश कुमार बिहार के अररिया ज़िले के नरपतगंज विधानसभा के शेखपुरा गाँव के निवासी हैं। उनके पिता प्रदीप यादव किसान हैं। नीतीश ने फॉरबिसगंज स्थित श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर से स्कूलिंग की है। इसके बाद पूर्णिया यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए किया। फिलहाल वे जेएनयू से पीएचडी कर रहे हैं।
तीन दशक बाद सीमांचल क्षेत्र से कोई युवा जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष बना है- प्रभात यादव
सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव ने नीतीश कुमार को फोन कर बधाई दिया। साथ ही प्रभात यादव ने कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र शेखपुरा गाॅंव के नीतीश कुमार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से ऐतिहासिक जीत दर्ज किया है। प्रभात का कहना है कि बिहार की धरती ने देश को हमेशा से ही राजनीति, शिक्षा और सामाजिक आंदोलनों के क्षेत्र में अद्वितीय नेतृत्व प्रदान किया है। बिहार के युवाओं में संघर्ष, चेतना और नेतृत्व क्षमता गहरी पैठी हुई है। चाहे स्वतंत्रता संग्राम रहा हो या आज के लोकतांत्रिक आंदोलनों का दौर-बिहार के युवा सदैव अग्रणी भूमिका में रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एक बार फिर हमारे नीतीश कुमार होनहार छात्र नेता ने राष्ट्रीय पटल पर अपना परचम लहराया है। प्रभात ने कहा कि नीतीश कुमार की जीत बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह साबित करता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे से गाँव या जिले से भी निकलकर देश के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों में नेतृत्व की कमान संभाली जा सकती है। बिहार के युवाओं की यह चेतना आने वाले समय में शिक्षा, राजनीति और सामाजिक बदलाव के नए अध्याय लिखेगी।